जशपुर: सन्ना थाना क्षेत्र के खूंटाटांगर में अनियंत्रित हाईवा पलटा, चालक घायल ,तेज रफ्तार बनी मुसीबत... पढ़िए पूरी खबर
जशपुर: जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंटाटांगर गांव में शुक्रवार दोपहर लगभग 3 बजे गिट्टी से भरा एक हाईवा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवा क्रमांक CG 13 AR 2827 तेज रफ्तार में बहेरा कोना के पास मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और हाईवा सड़क किनारे पलट गया। वाहन SKA कंस्ट्रक्शंस का बताया जा रहा है, जो ढाकनपानी खदान से 20 एमएम गिट्टी लेकर प्रधानमंत्री जनमन सड़क निर्माण कार्य के लिए जा रहा था।
हादसे में चालक को हल्की चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सन्ना स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि सड़क निर्माण कार्य में लगे हाईवा वाहन निर्धारित मानकों से अधिक रफ्तार में चलते हैं। कई बार ग्रामीणों को भी चपेट में लेने जैसी स्थिति बन चुकी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, चालकों को पहले भी समझाइश दी जा चुकी है, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कई चालक नशे की हालत में वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।