राजोत्सव 2026 पर मुख्य मंच पर रोजाना शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, शिल्पग्राम और खाना खजाना बना आकर्षण का केंद्र

राजोत्सव 2026 पर मुख्य मंच पर रोजाना शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, शिल्पग्राम और खाना खजाना बना आकर्षण का केंद्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर नवा रायपुर में तीन दिवसीय भव्य आयोजन हो रहा है। राज्योत्सव में मुख्य मंच से हो रही शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दर्शकों का मन मोह रही हैं। वहीं शिल्पग्राम, मीना बाजार और खाना खजाना जोन में लोगों का हुजूम उमड़ रहा है। उत्सव स्थल पर पहुंच रहे नागरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ विभिन्न मनोरंजन गतिविधियों और विभागीय प्रदर्शनियों का आनंद ले रहे हैं।

शिल्पग्राम की साज-सज्जा और स्थानीय उत्पाद बने आकर्षण

राज्योत्सव में शिल्पग्राम की आकर्षक साज-सज्जा और यहां प्रदर्शित उत्पाद लोगों को खासा आकर्षित कर रहे हैं। शिल्पग्राम में सेल्फी सेंटर बनाया गया है, लेकिन इसकी खूबसूरती ऐसी है कि पूरे परिसर में लोग सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं।

मुख्य मंच के सामने बनाए गए मंच पर स्थानीय कलाकारों की संगीत प्रस्तुतियां उत्सव के माहौल में चार चांद लगा रही हैं। कलाकारों की मधुर प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण संगीतमय हो रहा है।

खाना खजाना जोन में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद

राज्योत्सव में खाना खजाना जोन लोगों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है। यहां नागरिक किफायती कीमतों पर विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद ले रहे हैं।

छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के शौकीनों के लिए फरा, चीला, चौसेला, मुंगोड़ी बड़ा, साबूदाना बड़ा सहित कई पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध हैं। इसके अलावा फास्ट फूड और अन्य स्वादिष्ट नाश्ते एवं भोजन की भी व्यवस्था की गई है।

खास बात यह है कि खाना खजाना जोन में स्वच्छता और हाईजीन का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। परिवार सहित राज्योत्सव पहुंच रहे लोग यहां लजीज व्यंजनों का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं।

मीना बाजार में मनोरंजन का खास इंतजाम

राज्योत्सव के मीना बाजार को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह है। यहां नागरिकों के मनोरंजन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मुख्य कार्यक्रम शुरू होने से पहले भी लोग मीना बाजार पहुंचकर मनोरंजन गतिविधियों का आनंद ले रहे हैं और अपना समय बिताते नजर आ रहे हैं।

विभागीय स्टॉल में दिख रही साय सरकार के प्रयासों की झलक

छत्तीसगढ़ के विकास और जनकल्याण के लिए साय सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को समझने के लिए राज्योत्सव में लगाए गए विभागीय स्टॉल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां आम नागरिकों को शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी जा रही है। कुछ विभागों को अपनी योजनाओं की जानकारी सहजता से आम लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष स्थान दिया गया है।

विभागीय स्टॉल अपनी-अपनी विशेषताओं के साथ लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। कहीं अनूठे प्रयोगों के माध्यम से योजनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है, तो कहीं शानदार प्रस्तुतिकरण के जरिए कम समय में अधिक जानकारी देने का प्रयास किया जा रहा है।

इन विभागों और संस्थानों के लगाए गए हैं स्टॉल

राज्योत्सव में खनिज संसाधन विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, जनसंपर्क विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, आवास एवं पर्यावरण विभाग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग, श्रम विभाग, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, लोक निर्माण विभाग, जेल विभाग, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, ऊर्जा विभाग, सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग तथा छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स) सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं।

इसके अलावा भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको), साउथ ईस्ट कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल), दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर), नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन (एनटीपीसी), उद्योग संचालनालय, भारतीय संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल), भिलाई स्टील प्लांट, जिंदल स्टील लिमिटेड, राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी), छत्तीसगढ़ ईस्ट रेलवे लिमिटेड (सीईआरएल) एवं छत्तीसगढ़ ईस्ट वेस्ट रेलवे लिमिटेड (सीईडब्ल्यूआरएल) सहित अन्य संस्थानों के स्टॉल भी राज्योत्सव की शोभा बढ़ा रहे हैं।

राज्योत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजन, पारंपरिक व्यंजनों और विभागीय प्रदर्शनियों का संगम नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।