रायपुर: महतारी वंदन योजना से महिलाओं के आर्थिक आत्मविश्वास को मिला नया आधार

रायपुर: महतारी वंदन योजना से महिलाओं के आर्थिक आत्मविश्वास को मिला नया आधार

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में आर्थिक स्थिरता और आत्मविश्वास का नया आधार बन रही है।

योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह ₹1,000 की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जा रही है। नियमित रूप से मिलने वाली यह राशि महिलाओं को अपनी आवश्यकताओं के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और परिवार की घरेलू जरूरतों को पूरा करने में सहयोग दे रही है।

सरगुजा की कैलासपति को हर माह मिल रही ₹1,000 की सहायता

सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत थोर निवासी श्रीमती कैलासपति भी महतारी वंदन योजना की लाभार्थी हैं। उन्होंने बताया कि योजना के तहत उन्हें हर माह ₹1,000 की सहायता राशि प्राप्त हो रही है। इस तरह वर्षभर में उन्हें ₹12,000 की आर्थिक सहायता मिलती है।

कैलासपति के अनुसार नियमित रूप से मिलने वाली इस राशि से उन्हें अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने में काफी सहूलियत हो रही है।

बच्चों की पढ़ाई और घरेलू जरूरतों में मिल रहा सहारा

कैलासपति ने बताया कि सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण पहले घर की छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए भी कई बार विचार करना पड़ता था। बच्चों की पढ़ाई और घरेलू आवश्यकताओं के बीच संतुलन बनाना भी चुनौतीपूर्ण होता था।

महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित सहायता ने उन्हें काफी राहत दी है। अब वे योजना से प्राप्त राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी आवश्यकताओं और घर-परिवार की जरूरी जरूरतों को पूरा करने में कर पा रही हैं।

उन्होंने बताया कि राशि रोजमर्रा की छोटी-छोटी आवश्यकताओं में खर्च होने के बावजूद परिवार के बजट को व्यवस्थित करने में महत्वपूर्ण मदद करती है।

सीधे बैंक खाते में राशि मिलने से बढ़ा भरोसा

कैलासपति ने कहा कि सहायता राशि सीधे बैंक खाते में प्राप्त होने से योजना का लाभ सुविधाजनक और पारदर्शी तरीके से मिल रहा है। हर माह खाते में राशि आने से उन्हें अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए आर्थिक रूप से अधिक आत्मविश्वास महसूस होता है।

आर्थिक सहायता के साथ बढ़ा सम्मान और आत्मविश्वास

कैलासपति के लिए महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है। उनका कहना है कि नियमित रूप से अपने बैंक खाते में राशि प्राप्त होने से महिलाओं में आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की भावना मजबूत हुई है।

अब छोटी-छोटी जरूरतों के लिए उन्हें पूरी तरह दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। महिलाओं के हाथ में नियमित आर्थिक सहायता आने से परिवार की आर्थिक व्यवस्था में उनकी भूमिका भी मजबूत हो रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार

महतारी वंदन योजना से मिल रहे लाभ के लिए कैलासपति ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को “विष्णु भैया” कहते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की यह योजना माताओं-बहनों के लिए भरोसे और सहारे का माध्यम बनी है।

कैलासपति ने कहा, “महतारी वंदन योजना से हर महीने मिलने वाली राशि हमारे लिए बहुत उपयोगी है। इससे बच्चों की पढ़ाई और घर की जरूरी चीजों में मदद मिलती है। महिलाओं के खाते में सीधे राशि पहुंचने से हमें आत्मविश्वास और सम्मान का एहसास होता है। इसके लिए मैं विष्णु भैया का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं।”

महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर राज्य शासन उनके आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दे रहा है। योजना से प्राप्त राशि का उपयोग महिलाएं स्वास्थ्य, पोषण, बच्चों की शिक्षा और घरेलू जरूरतों की पूर्ति में कर रही हैं। इससे परिवार की आर्थिक व्यवस्था को सहारा मिलने के साथ ही महिलाओं की निर्णय लेने की क्षमता और परिवार में उनकी भूमिका भी मजबूत हो रही है।