रायपुर: राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भगवान जगन्नाथ रथयात्रा में की पूजा-अर्चना, छेरा-पहरा की निभाई परंपरा
रायपुर: राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर में आयोजित भव्य रथयात्रा महोत्सव में राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। दोनों ने भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, उत्तम वर्षा, किसानों की खुशहाली और शांति की कामना की। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक 'छेरा-पहरा' की रस्म निभाते हुए सोने की झाड़ू से रथमार्ग का प्रतीकात्मक शुद्धिकरण भी किया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति, सामाजिक समरसता, सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का जीवंत महापर्व है। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ किसानों के आराध्य हैं और उनकी कृपा से समय पर वर्षा, अच्छी फसल तथा समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने प्रदेश में भरपूर वर्षा, कृषि समृद्धि और किसानों की उन्नति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और सामूहिक चेतना को मजबूत करते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों को रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा का आशीर्वाद सभी पर बना रहने की कामना की।
राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में प्रतिवर्ष पुरी की विश्वविख्यात रथयात्रा की तर्ज पर यह आयोजन पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होता है। छेरा-पहरा की परंपरा सेवा, समानता और लोककल्याण का प्रतीक मानी जाती है। ओडिशा का पड़ोसी राज्य होने के कारण छत्तीसगढ़ में भगवान जगन्नाथ के प्रति विशेष श्रद्धा है और प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में यह पर्व उत्साहपूर्वक मनाया जाता है।
इस अवसर पर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, विभिन्न निगम-मंडलों एवं आयोगों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।