मुख्यमंत्री साय आज जारी करेंगे महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त, 67 लाख से अधिक बहनों के खातों में पहुंचेंगे ₹631 करोड़
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज बालोद जिले के डौण्डीलोहारा स्थित लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित बिहान दीदी एवं स्व-सहायता समूह सम्मान समारोह के दौरान महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि जारी करेंगे।
मुख्यमंत्री प्रदेश की 67 लाख 28 हजार 918 हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की राशि सीधे अंतरित करेंगे। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से महिलाओं के खातों में पहुंचेगी।
रक्षाबंधन से पहले बहनों को विशेष सौगात
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय रक्षाबंधन पर्व से पहले महिलाओं को विशेष सौगात के रूप में सितंबर माह की किस्त अग्रिम रूप से जारी कर रहे हैं। सामान्यतः यह राशि सितंबर माह में जारी की जानी थी, लेकिन बहनों को त्योहार से पहले आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से इसका अंतरण पहले किया जा रहा है।
महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना की राशि महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के साथ चिकित्सा, स्वास्थ्य, सुपोषण तथा परिवार की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में सहायक बन रही है।
बेटियों के भविष्य और आर्थिक गतिविधियों में भी हो रहा उपयोग
योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग कई महिलाएं बेटियों के सुरक्षित और सुखद भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में जमा करने के साथ-साथ विभिन्न आर्थिक एवं आजीविका संबंधी गतिविधियों में भी कर रही हैं।
उल्लेखनीय है कि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 30 किस्तों में 19 हजार 444 करोड़ रुपये की सहायता राशि हितग्राही महिलाओं को प्रदान की जा चुकी है। आज 31वीं किस्त जारी होने के साथ प्रदेश की लाखों महिलाओं को एक बार फिर आर्थिक संबल मिलेगा।