महतारी वंदन योजना से महिलाओं को हर माह मिल रहा सम्मान और आर्थिक संबल
जशपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इन्हीं योजनाओं में महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में आर्थिक मजबूती, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का नया आधार बन रही है।
योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर माह ₹1,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। यह राशि केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाने का माध्यम भी बन रही है। महिलाएं इस राशि का उपयोग दैनिक जरूरतों, घरेलू सामान और अन्य आवश्यक खर्चों को पूरा करने में कर रही हैं।
कुनकुरी निवासी श्रीमती गुंजा चिटनविष भी महतारी वंदन योजना की लाभार्थी हैं। उन्हें योजना के तहत नियमित रूप से हर माह आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है। गुंजा बताती हैं कि इस राशि से उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने में काफी सहूलियत मिल रही है। पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए परिवार पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब योजना से मिलने वाली राशि उनके लिए आर्थिक सहयोग का मजबूत माध्यम बन गई है।
गुंजा का कहना है कि सरकार की इस पहल से प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत होने का अवसर मिल रहा है। हर महीने मिलने वाली सहायता राशि से महिलाएं अपनी जरूरतों को पूरा करने के साथ ही आत्मनिर्भरता की दिशा में भी आगे बढ़ रही हैं।
आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता को मिल रही मजबूती
महतारी वंदन योजना के माध्यम से सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें अपने निर्णयों में अधिक सक्षम बनाना है। योजना से मिलने वाला नियमित आर्थिक संबल महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनके परिवारों के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव ला रहा है।
इस कल्याणकारी योजना के लिए श्रीमती गुंजा चिटनविष ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के हित में शुरू की गई यह योजना उनके लिए किसी उपहार से कम नहीं है, जो उन्हें सम्मान के साथ आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनने का अवसर दे रही है।