जशपुर: मृत बछड़े को दफनाने के मिले रुपए के बंटवारे को लेकर विवाद, पिता-पुत्र ने युवक की कर दी हत्या ,सन्ना क्षेत्र का मामला, लकड़ी के बहिंगा और पत्थर से सिर पर किया वार

जशपुर: मृत बछड़े को दफनाने के मिले रुपए के बंटवारे को लेकर विवाद, पिता-पुत्र ने युवक की कर दी हत्या ,सन्ना क्षेत्र का मामला, लकड़ी के बहिंगा और पत्थर से सिर पर किया वार

जशपुर: मृत बछड़े को दफनाने के मिले रुपए के बंटवारे को लेकर विवाद, पिता-पुत्र ने युवक की कर दी हत्या

सन्ना क्षेत्र के कंदराई पाठ गांव का मामला, लकड़ी के बहिंगा और पत्थर से सिर पर किया वार

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का बहिंगा और पत्थर किया जप्त

जशपुर: सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम कंदराई पाठ में मृत बछड़े को दफनाने के बदले मिले रुपए को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्र द्वारा अपने ही गांव के एक व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। विवाद के दौरान आरोपियों ने लकड़ी के बहिंगा और पास पड़े पत्थर से युवक के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उपचार के लिए जशपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान फगुआ राम कोरवा उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कंदराई पाठ, थाना सन्ना के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने फगुआ राम कोरवा उम्र 50 वर्ष और बृजनाथ राम कोरवा उम्र 21 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम कंदराई पाठ को आरोपी बनाया है। दोनों आरोपी आपस में पिता-पुत्र हैं।

मृत बछड़े को दफनाने के मिले रुपए को लेकर हुआ विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना के दिन आरोपी फगुआ राम कोरवा और उसका पुत्र बृजनाथ राम कोरवा लकड़ी बेचने के लिए सन्ना आए थे। इसी दिन मृतक फगुआ राम भी अपनी पत्नी के साथ लकड़ी बेचने सन्ना आया था।

इसी दौरान सन्ना निवासी राजू नामक व्यक्ति ने आरोपियों से अपने घर के मृत बछड़े को दफनाने के लिए कहा। आरोपियों ने मृत बछड़े को दफना दिया, जिसके एवज में उन्हें कुछ रुपए मिले थे।

बाद में पंचायत भवन सन्ना के पास आरोपी पिता-पुत्र और मृतक फगुआ राम की मुलाकात हो गई। इसी दौरान मृतक ने मृत बछड़े को दफनाने के बदले मिले रुपए में अपना हिस्सा मांगा। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया।

लकड़ी के बहिंगा और पत्थर से सिर पर किया वार

पुलिस के मुताबिक रुपए के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दोनों पिता-पुत्र ने अपने पास रखे लकड़ी के बहिंगा और पास पड़े पत्थर से मृतक फगुआ राम के सिर पर वार कर दिया।

सिर में गंभीर चोट लगने से फगुआ राम मौके पर ही बेहोश हो गया। घटना के बाद उसे एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए जशपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के भाई अघनू राम कोरवा उम्र 36 वर्ष ने सन्ना थाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।

हत्या का मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्ट के आधार पर सन्ना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर चिकित्सक से पोस्टमार्टम कराया गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में लगी चोट के कारण मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक लेख किए जाने के बाद पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई तेज कर दी।

पूछताछ में अपराध स्वीकार करने का पुलिस का दावा

पुलिस के अनुसार जांच के दौरान दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने तथा उनके विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बहिंगा और पत्थर भी जप्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में सन्ना थाना प्रभारी उप निरीक्षक सीरद साय पैंकरा, प्रधान आरक्षक रविंद्र एक्का, आरक्षक मनोज जांगड़े, सुरेश टोप्पो और संतोष प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते घटना के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और मामले में हत्या में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद की गई।